Sunday, September 7, 2014

फास्ट-फूड का बढ़ता चलन



भागती-दौड़ती जिदंगी में लोगों के पास इतना वक्त नहीं रह गया है कि वे सेहतमंद भोजन कर सकें, और वे इधर-उधर कुछ भी खाकर अपना काम चला लेते हैं और आजकल बच्चों और युवाओं में फास्ट-फूड के प्रति तेजी से लगाव बढ़ रहा है। यह जानते हुए भी कि फास्ट-फूड सेहत के लिए हानिकारक है, इसमें प्राकृतिक तत्व बहुत कम होते हैं और इसमें अत्यधिक वसा होता है,फास्ट-फूड यानी पहले से तैयार भोजन की मांग भारत सहित दुनिया भर में तेजी से बढ़ती जा रही है। पहले के जमाने में बच्चे गेहूं, चावल, दही, और हरी सब्जियों से बने भोजन पर पले थे लेकिन इन दिनों ये चीजें इतिहास का हिस्सा बन चुकी हैं।
आज के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले किशोर-किशोरियों के पसंदीदा भोजन है, बर्गर, पिज्जा, फेंच-फ्राई, छोले-भटूरे, समोसे और न जाने ऐसी ही कितनी सारी चीजें।कभी-कभार स्वाद बदलने के लिए फास्ट-फूड ले लेने में कोई खास बुराई नहीं है,लेकिन इसकी लत काफी घातक है।दिल्ली में आहार विशेषज्ञ "डॉक्टर शिखा शर्मा" बताती हैं कि फास्ट-फूड में इस्तेमाल किए गए तरह-तरह के रसायन मानव की भावनाओं और प्राकृतिक प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं, इनका कहना है कि अगर 15-20 दिन में एक बार ऐसी चीजें खाई जाएँ तो ज्यादा चिंता की बात नही है लेकिन अगर पूरी निर्भरता ही फास्ट-फूड पर हो जाए तो बात गंभीर हो जाती है।

 हम इस प्रकार से भी कह सकते हैं कि फास्ट-फूड के ज्यादा इस्तेमाल से बचने के लिए जागरूकता भी जरूरी है, हालांकि विकसित देशों में खाने के पैकेटों पर ये लिखा होता है कि उसमें क्या-क्या इस्तेमाल किया गया है और उसे किस तारीख से पहले तक खा लिया जाना चाहिए, लेकिन विकासशील देशों में अभी इतनी जागरूकता नहीं है और इसी कारण भारत जैसे देशों में फास्ट-फूड के लिए लोगों का आकर्षण चिंताजनक हद तक बढ़ रहा है। लंदन के एक विश्वविद्धयालय ने भी इस बारे में एक नई खोज की है किंतु यह कुछ भिन्न है।नए अनुसंधान के अनुसार पिज्जा और बर्गर लोग चटखारे ले-लेकर खाते हैं और बड़ा मजा आता है किंतु इससे होने वाली हानि बहुत अधिक है। इसकी हानि कोई मामूली नहीं बल्कि इससे बुद्धि का स्तर नीचे आ जाता है। माता-पिता को ही चाहिए कि अपने बच्चो में घर का खाना खाने की आदत लगायें और उन्हें बाहर की चीजो के बारे में बताएं, कहते हैं कि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दीमाग रहता है।

1 comment: